चंडीगढ़, 12 जून पंजाब के फरीदकोट जिले में 2022 में एक डेरा अनुयायी की हत्या के मामले में फरार मुख्य साजिशकर्ता हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सिंह गैंगस्टर गोल्डी बरार का करीबी माना जाता है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि हरप्रीत सिंह को गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने गिरफ्तार किया।
यादव ने ट्वीट किया, ‘‘ एक बड़ी सफलता, गैंगस्टर रोधी कार्यबल(एजीटीएफ) ने कोटकपुरा के प्रदीप सिंह हत्या मामले के मुख्य साजिशकर्ता और गैंगस्टर गोल्डी बरार के करीबी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 10 नवंबर 2022 को छह बदमाशों ने प्रदीप सिंह की हत्या कर दी थी।’’
वर्ष 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले में आरोपी सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी प्रदीप सिंह की 10 नवंबर 2022 को फरीदकोट के कोटकपूरा में उनकी दुकान में छह हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कनाडा स्थित गैंगस्टर बरार ने तब कथित तौर पर सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
बरार, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी है। सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल मई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY