तिरुवनंतपुरम, 28 मई केरल के अलपुझा जिले में तैनात अपराध शाखा के एक पुलिस उपाधीक्षक को एक कुख्यात गैंगस्टर के घर पर घंटों समय बिताकर पुलिस और केरल सरकार की छवि खराब करने और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। राज्य गृह विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अलपुझा अपराध शाखा के उपाधीक्षक एम.जी. साबू को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के निर्देश पर निलंबित किया गया है। विजयन राज्य का गृह विभाग भी संभालते हैं।
गृह विभाग के 27 मई के आदेश अनुसार, साबू के अलावा उन तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भी राज्य पुलिस प्रमुख ने निलंबित कर दिया है जो 26 मई को कई घंटों तक गैंगस्टर के घर पर रुके थे।
गृह विभाग ने कहा कि साबू ने जो किया वो प्रथम दृष्टया अनुशासन के गंभीर उल्लंघन को दर्शाता है और पुलिस एवं राज्य सरकार की प्रतिष्ठा को धूमिल करता है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि साबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
यह कार्रवाई उसी सप्ताह हुई, जब वह कथित तौर पर सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त होने वाला था।
पुलिस के अनुसार, साबू और तीन अन्य पुलिसकर्मी एर्नाकुलम जिले के अंगमाली में कुख्यात गैंगस्टर तम्मनम फैसल के आवास पर एक पार्टी में कथित तौर पर शामिल हुए थे।
स्थानीय पुलिस ने असामाजिक तत्वों की नजर रखने के तहत 26 मई को की गई कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को गैंगस्टर के आवास के भीतर पकड़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY