देश की खबरें | कठुआ में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए पुलिस कर्मियों के परिजनों से मिले उप राज्यपाल

जम्मू, 31 मार्च जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पिछले दिनों कठुआ जिले में पाकिस्तानी आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में जान गंवाने वाले चार पुलिसकर्मियों के परिवारों से सोमवार को मुलाकात की और अपनी शोक-संवेदना प्रकट की।

कठुआ जिले की सान्याल पट्टी के एक दूरदराज वाले जंगली इलाके में बृहस्पतिवार को भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी और चार पुलिसकर्मी मारे गए, वहीं एक पुलिस उपाधीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

शाह ने कठुआ जिले के कन्ना चाक में बलविंदर सिंह चिब के घर जाकर उनकी पत्नी और अन्य परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना प्रकट की।

उसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास लोंदी गांव में जसवंत सिंह के परिवार से मिलकर अपना समर्थन जताया।

इसके बाद सिन्हा रियासी जिले के चांबा गांव में पुलिस अधिकारी तारिक अहमद के परिजनों से मुलाकात के लिए पहुंचे।

उन्होंने जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को सरकारी नौकरी का आश्वासन दिया।

उप राज्यपाल ने परिजनों से कहा कि इस देश की जनता उनके साथ है और उन्हें सरकार की ओर से पूरा समर्थन दिया जाएगा।

मारे गए पुलिसकर्मियों की विधवाओं ने उन्हें असैन्य विभागों में नौकरी दिए जाने का अनुरोध किया ताकि वे अपने छोटे बच्चों की देखभाल कर सकें।

उप राज्यपाल ने जम्मू जिले में अखनूर इलाके के रहने वाले हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह के परिजनों से मिलकर उन्हें भी सांत्वना दी।

लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पाकिस्तान से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सान्याल गांव में एक नर्सरी में बने एक बाड़े में आतंकवादियों का पीछा किया।

इस दौरान गांव में मुठभेड़ हुई, जिसमें बृहस्पतिवार को दो आतंकवादी और चार पुलिसकर्मी मारे गए।

शनिवार को घाटी-जुथाना के जंगल से हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह का शव बरामद किया गया। दो आतंकवादियों के शव भी बरामद किए गए जो प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े रहे हो सकते हैं।

शुक्रवार शाम को तीन पुलिसकर्मियों - बलविंदर सिंह चिब, जसवंत सिंह और तारिक अहमद के शव बरामद किए गए।

पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के छद्म संगठन पीपुल्स एंटी-फासीस्ट फ्रंट ने मुठभेड़ में शामिल होने का दावा किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)