नयी दिल्ली, 22 दिसंबर राज्यसभा में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सदस्य ने त्रिपुरा के सोनामुरा से बांग्लादेश के दाउदकांडी तक जलमार्ग परियोजना का काम तेजी से पूरा करने का अनुरोध किया।
विशेष उल्लेख के माध्यम से यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा के विप्लब देब ने कहा कि इस परियोजना का ट्रायल रन भी किया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद कुछ कमियां रह गई हैं।
उन्होंने कहा कि परियोजना को पूरा करने के लिए बांग्लादेश के हिस्से वाले जलमार्ग में गाद की सफाई की जानी है लेकिन अभी तक यह काम पूरा नहीं हो सका है।
देब ने बताया कि भारत की ओर से बांग्लादेश को प्रस्ताव दिया गया था कि उसके हिस्से का काम भी कर लिया जाएगा लेकिन उसने इंकार कर दिया था।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह इस सिलसिले में बांग्लादेश सरकार से बात करे और परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करे।
भाजपा के दिनेशचंद्र अनावाडिया ने ईंट व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि ईंट उद्योग पर जीएसटी बढ़ाए जाने से इस व्यवसाय से जुड़े लोगों के जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि इससे ईंट की कीमतों में भी वृद्धि हुई है इसलिए लोग अब उसके विकल्प तलाशने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की आजीविका पर खतरा मंडरा रहा है, लिहाजा सरकार को उन्हें राहत देने के लिए कदम उठाने चाहिए।
भाजपा के ही राजेन्द्र गहलोत ने अजमेर-पुष्कर रेल लाइन परियोजना को तेजी से पूरा करने की मांग की।
मनोनीत सदस्य गुलाम अली ने ऊर्जा पारेषण से जुड़ी जम्मू एवं कश्मीर की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के संदोष कुमार पी ने केरल के कन्नूर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए केंद्रीय क्षेत्र व विकास संस्थान की शाखा खोले जाने का अनुरोध किया।
भाजपा के जग्गेश ने कर्नाटक के कॉफी उत्पादकों की समस्या उठाई और कहा कि प्रतिकूल मौसम की वजह से कर्नाटक का यह उद्योग खतरे में हैं। उन्होंने सरकार से इस दिशा में उपयुक्त कदम उठाने की मांग की।
भाजपा की कल्पना सैनी ने उत्तराखंड के हरिद्वार में एक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी स्थापित किए जाने की मांग की।
तमिल मनीला कांग्रेस के जी के वासन, भाजपा के अरुण सिंह, भाजपा के ही डी पी वत्स, हरनाथ सिंह और सीमा द्विवेदी ने भी लोक महत्व के अलग-अलग मुद्दे उठाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY