देश की खबरें | दिल्ली: दिवाली की खरीदारी के लिए भारी भीड़ के कारण सदर बाजार में भगदड़ जैसे हालात

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर दिल्ली के व्यस्त सदर बाजार में दिवाली से पहले खरीदारी करने आए लोगों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित वीडियो में भारी भीड़ को देखा जा सकता है।

वीडियो में लोगों को व्यस्त बाजार में जगह के लिए धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। आलम ये है कि लोग अपने सिर पर बैग रखकर भीड़ के बीच से रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

सड़क पर खड़े रेहड़ी पटरी वालों ने भी सड़क को बाधित कर दिया, जिससे लोगों के लिए निकलने की बहुत थोड़ी जगह दिखाई दे रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो मूल रूप से कब रिकॉर्ड किया गया था।

पुलिस ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाजार में टीमें तैनात की गयी हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “त्यौहारों के समय सदर बाजार में भारी भीड़ होती है। हम भीड़ को नियंत्रित करने की योजना बना रहे हैं और जल्द ही जिलाधिकारी, बाजार एसोसिएशन और एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) के अधिकारियों के साथ भीड़ को नियंत्रित करने की योजना बनाने के लिए बैठकें की जाएंगी।”

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इलाके में भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं क्योंकि इससे जाम लगता है और भीड़भाड़ होती है।

दिल्ली नगर निगम ने हालांकि अब तक इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इस बीच सदर बाजार की मार्केट एसोसिएशन ने कहा कि वह उचित प्रबंधन के लिए दिल्ली पुलिस को एक पत्र लिखने की योजना बना रहे हैं।

सदर बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा, “सदर बाजार सबसे बड़े और पुराने बाजारों में से एक है, जहां त्यौहारों के समय भारी भीड़ होती है। हम उत्तरी जिले की पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखने और उनसे मिलने की योजना बना रहे हैं क्योंकि अगर उचित तरीके से प्रबंध नहीं किया गया तो भारी भीड़ किसी भी बड़ी घटना को जन्म दे सकती है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)