देश की खबरें | दिल्ली: क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले सात लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 17 दिसंबर क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नितिन कुमार, अखिल तंवर, शिवम सूर्यन, कपिल गुप्ता, सुरेश, सुमित शर्मा और सनी कुमार को शनिवार को द्वारका में रामफल चौक के पास से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि 18 से 30 साल की उम्र के आरोपी कपड़ा विनिर्माण केंद्र की आड़ में कॉल सेंटर चला रहे थे।

एक अधिकारी के मुताबिक आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल 218 सिम कार्ड, 20 मोबाइल फोन और सात एटीएम कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि नितिन ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी शिवम तथा अखिल दूध डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करते थे लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के बाद उन सभी की नौकरी चली गई।

उन्होंने कहा इसलिए आसानी से पैसा कमाने के लिए उन्होंने साइबर धोखाधड़ी करना शुरू कर दिया।

चौधरी ने कहा, ‘‘आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एलेक्स नामक व्यक्ति के जरिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों की व्यवस्था की, जिससे वे ‘टेलीग्राम’ ऐप पर मिले थे।’’

डीसीपी ने कहा कि आरोपी एलेक्स के जरिए पीड़ितों के नाम, पते, कार्ड नंबर और मोबाइल नंबर वाला ई-डेटा प्राप्त करते थे उसके बाद वे पीड़ितों को फोन करके उन्हें क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने का लालच देते थे।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी कार्ड विवरण और ओटीपी मांगते थे और उनके कार्ड से राशि निकाल लिया करते थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)