देश की खबरें | पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के सर्वाधिक मामले दिल्ली में दर्ज हुए

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार 2021 में सड़क दुर्घटनाओं में मौत के सर्वाधिक मामले दिल्ली में (1,239) आये, जिसके बाद चेन्नई में 998 और बेंगलुरु में 654 मामले दर्ज किये गये।

‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं-2021’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया कि 2021 में दस लाख से अधिक आबादी वाले देश के 50 शहरों में सड़क हादसों में मौत के 43.13 प्रतिशत मामले इस सूची के शीर्ष 10 शहरों में आये।

इस सूची में श्रीनगर, अमृतसर और जमशेदपुर सबसे निचले स्थान पर रहे जिनमें 50 शहरों में सड़क हादसों में मृत्यु के कुल मामलों के 1.1 प्रतिशत से भी कम मामले दर्ज किये गये।

पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के लिहाज से प्रमुख 10 शहरों में दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, जयपुर, कानपुर, आगरा, इलाहाबाद, इंदौर, रायपुर और जबलपुर हैं।

रिपोर्ट के अनुसार 2017 से 2021 तक पांच साल में भारत में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के कुल मामलों के 43.13 प्रतिशत से अधिक मामले दस लाख से अधिक आबादी के दस शीर्ष शहरों में रहे।

यह रिपोर्ट एक कलैंडर वर्ष में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस विभागों से प्राप्त आंकड़ों और सूचनाओं पर आधारित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)