देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझा की ऑनलाइन बिक्री में शामिल गिरोह का भंड़ाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 29 जुलाई दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझा की ऑनलाइन बिक्री करने में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करके तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अली हसन (36), हर्ष वर्धन खत्री (28) और मदनपुर खादर निवासी रितिक कुमार चौरसिया (24) के रूप में हुई है।

आरोपी अवैध व्यापार के लिए सोशल मीडिया साइट्स और ‘मोनो काइट’ नाम के वेबपेज का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि उनके पास से चीनी मांझा के कुल 201 रोल बरामद किये गये।

पुलिस ने बताया कि उसे मदनपुर खादर में नायलॉन आधारित प्रतिबंधित चीनी मांझे की अवैध बिक्री और खरीद के बारे में सूचना मिली थी।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि जाल बिछाकर चौरसिया को दबोच लिया गया और उसकी दुकान में तलाशी पर चीनी मांझा के 16 रोल बरामद हुए।

यादव ने कहा कि चौरसिया की निशानदेही पर खत्री को फरीदाबाद से पकड़ा गया और उसके कब्जे से चीनी मांझा के 69 रोल बरामद किये गये।

उन्होंने कहा कि खत्री इन प्रतिबंधित मांझा को ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यम से बेच रहा था। इसके बाद हसन को भी गिरफ्तार करके उसके घर से चीनी मांझा के 116 रोल बरामद किये गये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)