नयी दिल्ली, 24 जून दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आगरा के निवासी विशाल सिंह (39) के रूप में हुई है।
दरअसल, 21 फरवरी 2019 को एक महिला की शिकायत के आधार पर मयूर विहार पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। महिला ने अपनी दो बेटियों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छोटी बेटी का पता लगाया गया और खुलासा हुआ कि दोनों लड़कियों का मानव तस्करों के एक गिरोह ने अपहरण कर लिया था और उत्तम नगर इलाके में उनका यौन शोषण किया गया था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उसके बाद चार मानव तस्करों - नरेश शैलेश तामचिकर, राजू कुमार, शशि माला और किरण को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि बाद में बड़ी बेटी का भी पता चल गया। मुख्य आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले के अलावा, विशाल सिंह उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में दो अन्य मामलों में भी वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह भारत, नेपाल और भूटान का भ्रमण कर रहा था।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने कहा कि बाद में उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में खुलासा हुआ कि विशाल का परिवार भी मानव तस्करी में शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY