देश की खबरें | दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक 31 अगस्त को

नयी दिल्ली, 30 अगस्त दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन की बैठक 31 अगस्त को होगी। बैठक के एजेंडे में पुरानी दिल्ली में स्थित 160 साल पुरानी हरदयाल म्युनिसिपल पब्लिक लाइब्रेरी के लिए एक प्रबंध समिति का गठन भी शामिल होगा। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में स्थित पुस्तकालय को 1916 में हार्डिंग लाइब्रेरी नाम दिया गया था और इसमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अरबी, फारसी और संस्कृत में पुस्तकों का एक समृद्ध संग्रह है।

एक आधिकारिक सूत्र ने बताया, “ सदन की अगली बैठक कल (बृहस्पतिवार को) बुलाई गई है और एजेंडे में कई प्रमुख मुद्दे होंगे, जिसमें हरदयाल लाइब्रेरी के लिए 11 सदस्यीय नई प्रबंध समिति का गठन भी शामिल है।”

उन्होंने कहा कि इसके सदस्यों में चुने हुए पार्षदों समेत अन्य लोग शामिल होंगे।

इसे पुस्तकालय के कर्मचारियों के लंबित वेतन के मुद्दे को हल करने की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जा रहा है। पुस्तकालय को 1862 में अंग्रेजों के लिए ‘रीडिंग क्लब’ के तौर पर स्थापित किया गया था।

अप्रैल में, दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने आश्वासन दिया था कि जिन पुस्तकालय कर्मचारियों को वर्षों से वेतन नहीं मिला है, उन्हें जल्द ही उनका बकाया मिलेगा।

निगम ने तब कहा था कि वेतन वितरण के लिए सत्यापन समिति का गठन किया गया है। इस समिति को 15 दिन में रिपोर्ट देनी थी।

सूत्र ने बताया, “ नई समिति गठित होते ही हम एक माह के भीतर कर्मचारियों का लंबित वेतन जारी कराने का प्रयास करेंगे।”

उन्होंने कहा कि सदन की ओर से नई समिति के गठन को मंजूरी दिए जाने के बाद पुरानी समिति भंग हो जाएगी।

आज़ादी का अमृत महोत्सव वेबसाइट के मुताबिक, यह दुनिया के उन कुछ पुस्तकालयों में से एक है जिसमें कम से कम 8,000 दुर्लभ पुस्तकों का संग्रह है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)