देश की खबरें | दिल्ली : उपराज्यपाल ने सीवेज पंपिंग स्टेशन, पावर ग्रिड के निर्माण के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दी

नयी दिल्ली, 22 सितंबर दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने लंबे अरसे से लंबित सीवेज पंपिंग स्टेशन, पावर ग्रिड और अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में भूमि आवंटन को मंजूरी दे दी। राज निवास के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सक्सेना ने बादली में सीवेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को भलस्वा में 3,360 वर्ग मीटर भूमि आवंटन और हस्तांतरण को मंजूरी प्रदान की।

जल बोर्ड को यह भूमि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) द्वारा हस्तांतरित की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल ने क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (आरआरटीएस) को एक साल के लिए जंगपुरा इलाके में 1451.54 वर्ग मीटर की जमीन अस्थायी तौर पर इस्तेमाल करने की मंजूरी प्रदान की है। जंगपुरा इलाके में दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (आरआरटीएस) और रिंग रोड को जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के दायरे में आने वाली दुकानों के पुनर्वास और अस्थायी पार्किंग के लिए जंगपुरा इलाके में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को 919.54 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तम नगर के नवादा गांव में 66 किलोवॉट ग्रिड ईएसएस के निर्माण के लिए 4291.386 वर्ग मीटर भूमि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आईएंडएफसी) से बिजली विभाग को मुफ्त में हस्तांतरित की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, सक्षम प्राधिकारी सक्सेना ने बिजली विभाग को भूमि के हस्तांतरण को मंजूरी दे दी, जिससे विभाग को विद्युत संबंधित बुनियादी ढांचे के निर्माण या फिर सुविधा केंद्र के विस्तार में मदद मिलेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)