देश की खबरें | दिल्ली अस्पताल आग : अपने शिशुओं की पहचान करने का प्रयास कर रहे परिवार

नयी दिल्ली, 26 मई दिल्ली में बच्चों के एक अस्पताल में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले शिशुओं के परिजन उनकी पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।

अपनी 11 दिन की बेटी को खोने वाले पिता ने कहा, ‘‘अल्लाह को प्यारी हो गई मेरी बेटी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी बेटी का जन्म 15 मई को दूसरे अस्पताल में हुआ था। उन्होंने हमसे उसे चिकित्सा निगरानी के लिए 72 घंटे तक ‘चाइल्ड केयर’ अस्पताल में रखने के लिए कहा। उसके बाद, हमने उसे चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह पिछले 10 दिनों से थी।’’

सत्रह दिन की बच्ची रूही को दो दिन पहले बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आग लगने से उसकी मौत हो गई।

रूही की मां ने कहा, ‘‘कल मैं अपने बच्ची से मिली और आज सुबह हमें आग लगने की सूचना मिली। तब से हम उसके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार के लिए उसे इस अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हमें नहीं पता था कि यह अस्पताल हमारी इकलौती बच्ची को छीन लेगा।’’

रूही का जन्म 10 मई को हुआ था और उसका परिवार कड़कड़डूमा में रहता है।

मसी आलम, एक मजदूर और अग्निकांड के पीड़ितों में से एक के पिता ने पांच साल पहले एक बेटे को खो दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपना नवजात बेटा खो दिया है। उनके पास किस प्रकार की सुविधाएं हैं? आप उन माता-पिता से पूछिये, जिन्होंने अपने बच्चों के इलाज के लिए अपने गहने बेचे हैं या ब्याज पर पैसे लिए हैं। मेरी तीन साल की बेटी है और करीब पांच साल पहले मैंने एक बेटे को खो दिया था।’’

एक अन्य अग्नि पीड़ित के रिश्तेदार परविंदर कुमार ने कहा, ‘‘हमने अभी तक बच्ची की मां को भी इस घटना के बारे में सूचित नहीं किया है।’’

कुमार ने कहा, ‘‘मेरे रिश्तेदार पवन कुमार की यह पहली संतान थी। हमें नहीं पता कि घटना कैसे घटी। बच्ची का जन्म लगभग छह दिन पहले गाजियाबाद के एक अस्पताल में हुआ था और उसे उसी दिन चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।’’

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि ‘बेबी केयर न्यू बॉर्न’ अस्पताल में शनिवार रात करीब 11:30 बजे आग लग गई और जल्द ही यह दो अन्य इमारतों में भी फैल गई।

संभागीय अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 16 गाड़ियों को लगाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)