नयी दिल्ली, 23 जनवरी दिल्ली की सड़कों की सफाई के लिए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को कोहरे और जमाव रोधी (एंटी-क्लॉगिंग) सुविधाओं से लैस 13 बहुउद्देशीय वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पर्यावरण मंत्रालय से ऐसे 28 वाहन खरीदे हैं, जिनमें से 13 को सोमवार को हरी झंडी दिखाई गई, जबकि बाकी के वाहन 15 फरवरी तक मिलेंगे जिनमें से प्रत्येक वाहन की कीमत 35.95 लाख रुपये है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन में 5,000 लीटर का पानी का टैंकर मौजूद है, जिसमें पानी के छिड़काव के लिए यंत्र, जेट व्यवस्था और एक कोहरा निवारण बंदूक (एंटी-स्मॉग गन) लगी है।
उन्होंने बताया कि ये बहुद्देशीय वाहन हवा में मौजूद धूल के कणों को जमीन पर गिरने के लिए स्वचालित तरीके से पानी का छिड़काव कर सकते हैं। इन वाहनों में पानी का छिड़काव करने वाला नोजल लगा हुआ जिसकी मदद से पेड़/पौधों की धुलाई, उन्हें पानी देना, बंदे पड़े छोटे नालों, पाइपों आदि की सफाई की जा सकती है।
बहुउद्देशीय वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद उपराज्यपाल ने कहा, “मुझे यकीन है कि इन वाहनों की मदद से हम प्रदूषण से अधिक प्रभावी ढंग से लड़ने में सक्षम होंगे।”
उन्होंने कहा, “इन वाहनों की सबसे अच्छी बात यह है कि इनमें पानी के छिड़काव के लिए जेट मौजूद है। वाहनों में जमाव रोधी सुविधा भी है और यह फुटपाथ पर जमे पान की पीक के निशान को भी साफ कर सकता है। मुझे उम्मीद है कि यह कदम प्रदूषण के खिलाफ युद्ध में मील का पत्थर साबित होगा।”
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा, ‘‘हम दिल्ली को वायु प्रदूषण से मुक्त बनाने का प्रयास कर रहे हें और ये बहुद्देशीय वाहन इस काम में मददगार साबित होंगे। भविष्य में ऐसे और प्रयास किए जाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY