नयी दिल्ली, एक जुलाई पश्चिमी दिल्ली के रणहौला इलाके में कथित रूप से वाहनों का अवैध कबाड़खाना चलाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलक नगर निवासी तरलोचन (50), हरि नगर निवासी रामायण यादव (59), पश्चिम विहार निवासी जसबीर सिंह (76) और सुभाष नगर निवासी गुरदीप सिंह (39) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र सिंह ने कहा कि रणहौला में चोरी के वाहनों को काटे जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को नांगलोई-नजफगढ़ रोड, पीपी कॉलोनी और चंचल पार्क के पास स्थित गोदाम में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारे।
पुलिस ने पाया कि इन गोदामों में कई पुराने वाहनों को गैस कटर और अन्य उपकरणों से काटा जा रहा था। उसने बताया कि गोदाम मालिक इनके संचालन के लिये लाइसेंस समझौते या काटे जा रहे वाहनों के दस्तावेज दिखाने में भी विफल रहे।
पुलिस ने बताया कि वाहनों की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। मौके से कई गैस कटर और अन्य उपकरण जब्त किये गये। उसने बताया कि अवैध गोदामों के बारे में पंजाबी बाग उप-विभागीय मजिस्ट्रेट और दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग के साथ जानकारी साझा कर दी गई है।
सिंह ने कहा कि शुक्रवार को इस संबंध में रणहौला पुलिस थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि वाहनों की स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे चोरी हुए थे और स्पेयर पार्ट्स के लिए कबाड़खाना ले जाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY