देश की खबरें | दिल्ली: विदेशी संवाददाता क्लब के सदस्य पर दूसरे सदस्य को थप्पड़ मारने और धमकाने का मामला दर्ज

नयी दिल्ली, 29 मार्च विदेशी संवाददाता क्लब के एक सदस्य पर यहां तिलक मार्ग स्थित क्लब परिसर के बाहर एक अन्य सदस्य को कथित तौर पर थप्पड़ मारने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे तिलक मार्ग पुलिस थाने में एबी-19, मथुरा रोड पर हुए झगड़े के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर भेजी गई, जहां क्लब के सदस्य मुनीश गुप्ता और दीपक द्विवेदी मिले।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुप्ता ने आरोप लगाया कि द्विवेदी के साथ क्लब से बाहर निकलते समय उनके साथी सदस्य पंकज यादव ने उनका रास्ता रोका, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें थप्पड़ मारे। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर धमकी भी दी कि अगर वे वापस आए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता की चिकित्सकीय जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यादव से पूछताछ की गई और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)