देश की खबरें | दिल्ली आबकारी नीति मामला: अदालत ने कविता के आवेदन पर सीबीआई और ईडी से जवाब मांगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मामले में बीआरएस की नेता के. कविता के एक आवेदन पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जवाब मांगा, जिसमें उन्होंने सात मई को न्यायिक हिरासत खत्म होने पर उन्हें अदालत में पेश करने का अनुरोध किया है।
नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मामले में बीआरएस की नेता के. कविता के एक आवेदन पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जवाब मांगा, जिसमें उन्होंने सात मई को न्यायिक हिरासत खत्म होने पर उन्हें अदालत में पेश करने का अनुरोध किया है।
विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने जांच एजेंसियों को नोटिस जारी कर छह मई तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया, जिस दिन अदालत कविता के आवेदन पर दलीलें सुनेगी।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता कविता के वकील नितेश राणा ने आवेदन में अदालत से कहा कि वह तिहाड़ केंद्रीय कारागार से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेश होने के बजाय अदालत के समक्ष पेश होना चाहती हैं।
अदालत ने 23 अप्रैल को जेल अधिकारियों को कविता की न्यायिक हिरासत समाप्त होने पर उन्हें डिजिटल तरीके से पेश करने का निर्देश दिया था।
ईडी ने 15 मार्च को तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की बेटी कविता (46) को हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने उन्हें 11 अप्रैल को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां वह ईडी द्वारा दर्ज किये गये धनशोधन मामले में बंद थीं। दोनों मामलों में उनकी न्यायिक हिरासत सात मई को खत्म होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2024 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

