नयी दिल्ली, 21 सितम्बर मानवता की एक मिसाल पेश करते हुए दिल्ली सीमा शुल्क विभाग ने कर माफ करते हुए एक महिला को उसके भाई का सामान दिलाने में मदद की। महिला के भाई का हाल ही में अमेरिका में निधन हो गया था।
शुभ्रा गोयल ने ट्विटर पर मदद मांगी थी। उनके भाई का सामान अमेरिकी अधिकारियों ने निजी कोरियर से भारत भेजा था।
महिला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को टैग करते हुए शनिवार को ट्वीट किया था, ‘‘अभी हमारा परिवार इस स्थिति में नहीं है कि इस राशि का भुगतान कर सके। अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि आप कृपया उसकी अंतिम स्मृतियों पर सीमा शुल्क राशि को माफ करवा कर इस मुश्किल घड़ी में उसकी स्मृतियां प्राप्त करने में हमारी सहायता करें। ’’
दिल्ली के सीमा शुल्क विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा था कि सामान यहां ‘न्यू कोरियर टर्मिनल’ में पड़ा है और अभी सीमा शुल्क अधिकारियों के पास नहीं आया है।
इसके बाद दिल्ली सीमा शुल्क विभाग ने रविवार को ट्वीट किया कि सामान को बिना किसी सीमा शुल्क के अनुमति दे दी गई है।
वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ट्वीट किया था कि महिला के अनुरोध को शीघ्र पूरा करने के लिए केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क (सीबीआईसी) और दिल्ली सीमा शुल्क द्वारा कार्रवाई की गई।
शुभ्रा की मां निशा गोयल ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में सीमा शुल्क अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY