नयी दिल्ली, 25 जून दिल्ली में रविवार को मानसून की पहली बारिश के बीच बिजली आपूर्ति कंपनी बीएसईएस ने परामर्श जारी कर लोगों को बिजली के खंभों, तारों और अन्य ढांचों से दूर रहने सहित तमाम एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी।
यहां जारी परामर्श में डिस्कॉम ने लोगों से बिजली के खंभों, उप क्रेंदों, ट्रांसफॉर्मर और स्ट्रीट लाइट से दूर रहने की अपील की।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून ने तय तिथि से दो दिन पहले ही रविवार को दिल्ली में दस्तक दे दी।
बीएसईएस ने परामर्श में कहा है कि बच्चे जल जमाव वाले उद्यानों और विद्युत ढांचों के पास खेलने से बचें, भले ही उनके चारों ओर अवरोधक लगाए गए हों।
परामर्श में कहा गया कि मानसून के दौरान कुछ खास समस्याएं उत्पन्न होती हैं जिनमें सड़कों पर जलजमाव, तेज हवाओं की वजह से पेड़ों के उखड़ने या शाखाएं टूटने से विद्युत अवस्थापना को क्षति जिसकी वजह से बिजली कटौती शामिल है। मानव जीवन और बिजली उपकरणों की सुरक्षा के लिए यह जरूरी हो जाता है कि प्रभावित इलाके में एहतियातन बिजली काट दी जाए।
डिस्कॉम ने परामर्श में कहा, ‘‘अपने परिसर में संपूर्ण वायरिंग की लाइसेंस प्राप्त विद्युत ठेकेदार से जांच कराएं। यदि मीटर केबिन में पानी का रिसाव हो रहा है तो मुख्य स्विच को बंद कर दें। यह सुनिश्चित करने के बाद ही मुख्य स्विच चालू करें कि सभी त्रुटियां ठीक हो गई हैं। बिजली के झटके और दुर्घटनाओं से बचने के लिए अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ईएलसीबी) लगाएं।’’
कंपनी ने लोगों को टेस्टर भी घर में रखने की सलाह दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY