नयी दिल्ली, 16 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर में जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ रविवार को 'मटका फोड़' विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पानी की कमी को लेकर शहर में 14 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया।
सचदेवा ने सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘हमने हमेशा कहा है कि दिल्ली में पानी की कमी प्राकृतिक कारणों से नहीं है, बल्कि यह आम आदमी पार्टी के कुप्रबंधन और लापरवाही का नतीजा है।'
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को 600 करोड़ रुपये के लाभ से 73,000 करोड़ रुपये के घाटे में ले जाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरी तरह जिम्मेदार हैं।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, ‘‘केजरीवाल सरकार के तहत डीजेबी हमेशा भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा केंद्र रहा है, लेकिन भाजपा विधायकों ने जब भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाया तो उन्हें बाहर निकाल दिया गया।’’
नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने डीजेबी के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कुछ नहीं किया है, जिसके परिणामस्वरूप 54 प्रतिशत पानी की बर्बादी और चोरी हुई है।
दिल्ली भाजपा नेताओं ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के इस्तीफे की भी मांग की।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि वह जल संकट को लेकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ सोमवार को 52 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY