Delhi Shocker: वाहन में आगे की सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने पिता की हत्या की
उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में 26 वर्षीय एक युवक ने अपने पिता की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी, क्योंकि उसे वाहन में बैठने के लिए आगे की सीट नहीं दी गई जिसे परिवार ने उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक स्थान पर जाने के लिए किराए पर लिया था.
नयी दिल्ली, 27 जून : उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में 26 वर्षीय एक युवक ने अपने पिता की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी, क्योंकि उसे वाहन में बैठने के लिए आगे की सीट नहीं दी गई जिसे परिवार ने उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक स्थान पर जाने के लिए किराए पर लिया था. पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दीपक के रूप में पहचाने गए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और अपराध में इस्तेमाल की गई बंदूक और 11 कारतूस बरामद किए गए है.
घटना बृहस्पतिवार शाम करीब 7.30 बजे तिमारपुर के एमएस ब्लॉक के पास हुई, जहां गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने गोली चलने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे.
सूत्र ने बताया, ‘‘पुलिस ने फुटपाथ पर खून से लथपथ एक व्यक्ति को पड़ा हुआ पाया, जबकि स्थानीय लोग आरोपी से बंदूक छीनने की कोशिश कर रहे थे.’’ पीड़ित की पहचान 60 वर्षीय सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई, जो सीआईएसएफ के सेवानिवृत्त उप-निरीक्षक थे. सूत्रों ने बताया कि सिंह को एचआरएच अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह भी पढ़ें : फरीदाबाद में 10वीं की छात्रा ने आत्महत्या की; परिवार ने स्कूल पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया
सूत्रों ने कहा कि गोली उनके बाएं गाल पर लगी थी, जिससे उनके चेहरे पर कई छर्रे लगे थे. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि छह महीने पहले सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त सुरेंद्र सिंह का परिवार उत्तराखंड में अपने पैतृक गांव में बसने की तैयारी कर रहा था. पुलिस से जुड़े सूत्र ने बताया कि उन्होंने एक वाहन किराये पर लिया और उसमें अपना सामान लाद रहे थे, तभी सुरेन्द्र और दीपक के बीच इस बात पर बहस शुरू हो गई कि आगे की सीट पर कौन बैठेगा. उसने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2025 01:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

