देश की खबरें | हार, जीत जीवन का हिस्सा, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया: मोदी

नयी दिल्ली, तीन अगस्त तोक्यो ओलंपिक खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा में भारत की हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि हार और जीत जीवन का हिस्सा है। भविष्य के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और यही मायने रखता है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम अंतिम 11 मिनट के अंदर तीन गोल गंवाने के कारण तोक्यो ओलंपिक खेलों के सेमीफाइनल में विश्व चैंपियन बेल्जियम से 2-5 से हार गयी।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जीत और हार जीवन का हिस्सा है। हमारी पुरुष हॉकी टीम ने तोक्यो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और यही मायने रखता है। अगले मैच के लिए और भविष्य के लिए टीम को शुभकामनाएं। भारत को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।’’

बाद में प्रधानमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह से भी बात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रतियोगिता के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें अगले मैच के लिए शुभकामनाएं दी।

भारतीय टीम 49 वर्ष बाद ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची थी। लिहाजा देश भर की निगाहें आज के मैच पर थी। खुद प्रधानमंत्री ने भी आज का मैच देखा। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)