देश की खबरें | विदेश मंत्रालय के अधिकारी का निधन

नयी दिल्ली, सात मार्च विदेश मंत्रालय (एमईए) के दिल्ली मुख्यालय में कार्यरत एक अधिकारी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया।

मंत्रालय ने अधिकारी का नाम उजागर किए बिना कहा, "हम उनके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं।"

मंत्रालय ने एक बयान में कहा,"विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी का सात मार्च की सुबह नयी दिल्ली में निधन हो गया। हम इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार की निजता का सम्मान करते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा रही है।"

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिकारी ने चाणक्यपुरी इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।

सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। उनकी मां भी एमईए सोसाइटी की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में उनके साथ रह रही थीं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)