देश की खबरें | मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक से कूदने वाले व्यापारी का शव मिला

मुंबई, एक अगस्त मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक से अरब सागर में कूदने वाले 57 वर्षीय व्यक्ति का शव मंगलवार को तलाश अभियान में मिल गया, जिसमें नौसेना और भारतीय तटरक्षक भी शामिल थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कपड़ा कारोबारी और खार निवासी टीकम मखीजा सोमवार सुबह अपनी कार से पुल पर पहुंचे और समुद्र में कूद गए। वह कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे।

आत्महत्या की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और दमकल विभाग ने मखीजा का पता लगाने के लिए नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और स्थानीय मछुआरों को तलाश में लगाया।

गोताखोरों के अलावा, भारतीय नौसेना के चेतक हेलीकॉप्टर की भी मखीजा का पता लगाने के लिए मदद ली गई, लेकिन सोमवार को उनका कुछ पता नहीं चला।

अधिकारी ने बताया कि तलाश अभियान मंगलवार को भी जारी रहा, जिसमें नौसेना के हेलीकॉप्टर ने दोपहर दो बजे समुद्र में एक शव को बहते हुए देखा। उन्होंने कहा,''नाव से एक बचाव दल उस स्थान पर पहुंचा और शव को चैतन्यभूमि तट पर लाया गया।''

उन्होंने बताया कि परिजनों ने मृतक की पहचान मखीजा के रूप में की है और शिवाजी पार्क पुलिस थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी उपनगर के कलिना में हुई सड़क दुर्घटना में मखीजा को सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद वह अवसाद में चले गए थे।

अधिकारी ने बताया कि समुद्र में कूदने से पहले मखीजा ने अपने एक रिश्तेदार से बात की थी और आत्महत्या के बारे में उसे कहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)