देश की खबरें | डीडीए की नई आवासीय योजना शुरू, 1354 फ्लैटों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 16 फरवरी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, दो जनवरी दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की नयी आवासीय योजना की शनिवार को शुरुआत की गई। इस योजना के तहत 1,354 फ्लैट बिक्री के लिए रखे गए हैं। इनमें सबसे महंगे फ्लैट की कीमत 2.14 करोड़ रुपये है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 757 फ्लैट एमआईजी श्रेणी के हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डीडीए के ‘आवास’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया से लेकर फ्लैटों के कब्जे तक यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन है। योजना को डीडीए के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने ऑनलाइन शुरू किया।

उन्होंने कहा कि द्वारका, जसोला, मंगलापुरी, वसंत कुंज और रोहिणी में योजना के तहत 1,350 से अधिक फ्लैटों की पेशकश की गई है।

योजना की विवरणिका में दी गई जानकारी के मुताबिक, एचआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस/जनता श्रेणी के तहत क्रमश: 254, 52 और 291 फ्लैट हैं।

अधिकारियों ने बताया कि एमआईजी श्रेणी के फ्लैट द्वारका, वसंत कुंज और रोहिणी में है जबकि ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट मंगलागिरी इलाके में हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल और डीडीए के अध्यक्ष अनिल बैजल की अध्यक्षता में प्राधिकरण की हाल में हुई ऑनलाइन बैठक में योजना को मंजूरी दी गई थी।

डीडीए ने कहा कि योजना के तहत आवेदन 16 फरवरी तक जमा किये जा सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)