देश की खबरें | पुलिसकर्मियों को दिया गया ‘डेटा विश्लेषण’ का प्रशिक्षण

लखनऊ, 11 सितंबर उत्तर प्रदेश पुलिस ने बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को डेटा विश्लेषण (डेटा एनालिटिक्स) में प्रशिक्षित करने के लिए सोमवार को ‘पूर्वानुमान आधारित पुलिसिंग’ कार्यशाला का आयोजन किया।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने बताया कि "यह कार्यशाला ‘पूर्वानुमान आधारित पुलिसिंग’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आयोजित की गई। हमारे पास पूरे वर्ष में होने वाले अपराध का पैटर्न है। अगर इन आंकड़ों का विश्लेषण किया जाए तो हम जान सकते हैं कि भविष्य में कब, कहां और किस प्रकार का अपराध हो सकता है।"

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में 68 राजपत्रित अधिकारियों और 192 गैर राजपत्रित अधिकारियों ने भाग लिया और उन्हें ‘डेटा एनालिटिक्स’ के लिए उपलब्ध उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई।

कुमार ने बताया कि प्रतिभागियों को 'इवेंट सर्च' के बारे में बताया गया, जिसके माध्यम से किसी भी घटना जैसे डकैती, चोरी, हत्या आदि के बारे में कोई भी ‘कीवर्ड’ दर्ज करके जानकारी हासिल की जा सकती है।

इसी प्रकार घटना स्थल के विश्लेषण और हॉटस्पॉट (अधिक अपराध वाले स्थान) के विश्लेषण के माध्यम से पैटर्न को समझा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘यूपी 112’ के पास 17 करोड़ से अधिक फोन कॉल का पिछले सात साल का डेटा था और इसमें ‘डेटा एनालिटिक्स’ टूल भी थे। प्रतिभागियों को इनके बारे में बताया गया और घटना विश्लेषण के बारे में भी जानकारी दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)