देश की खबरें | दलाई लामा को 'गोल्ड मर्करी अवार्ड' से सम्मानित किया गया

धर्मशाला, 31 मार्च तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को शांति और सतत विकास के लिए प्रतिष्ठित 'गोल्ड मर्करी अवार्ड' से सोमवार को सम्मानित किया गया।

यह विशेष पुरस्कार समारोह उनके धर्मशाला स्थित आवास पर आयोजित किया गया।

यह पुरस्कार 'गोल्ड मर्करी इंटरनेशनल' द्वारा प्रदान किया गया। यह संस्थान वैश्विक स्तर पर शांति, सुशासन और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित मान्यता-प्राप्त थिंक टैंक और अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है।

'गोल्ड मर्करी इंटरनेशनल' के अध्यक्ष और महासचिव निकोलस डी सैंटिस ने धर्मशाला स्थित दलाई लामा के आवास पर उन्हें यह पुरस्कार सौंपते हुए कहा, ‘‘दलाई लामा ऐसे गुरु हैं जिनकी बुद्धिमत्ता, करुणा और शांति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दशकों से दलाई लामा अहिंसा, अंतरधार्मिक संवाद और पर्यावरण संरक्षण के पक्षधर रहे हैं।"

सैंटिस ने कहा कि दलाई लामा ने तिब्बती लोगों के अधिकारों की रक्षा अहिंसात्मक तरीकों से की है और वह सतत विकास के लिए वैश्विक आवाज बने हैं। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के वैश्विक मुद्दा बनने से बहुत पहले ही पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया था।

'गोल्ड मर्करी इंटरनेशनल अवार्ड' मूल रूप से इटली में स्थापित किया गया था, लेकिन यह अब विश्व स्तर पर उन हस्तियों और संगठनों को दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान बन चुका है जिन्होंने विश्व शांति, सुशासन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वर्षों से साहस और निष्ठा से भविष्य को आकार देने वाले दूरदर्शी व्यक्तियों को ब्रसेल्स, मॉस्को, मैड्रिड और वॉशिंगटन जैसे प्रमुख शहरों में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

लंदन मुख्यालय से संचालित 'गोल्ड मर्करी इंटरनेशनल' अब इसके संस्थापक एडुआर्डो डी सैंटिस के पुत्र निकोलस डी सैंटिस के नेतृत्व में अपने मिशन को आगे बढ़ा रहा है।

दलाई लामा इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले उन विशिष्ट हस्तियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने वैश्विक शांति और सतत विकास के लिए असाधारण समर्पण दिखाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)