केंद्रपाड़ा, 25 अक्टूबर ओडिशा का तटीय जिला केंद्रपाड़ा शुक्रवार को भीषण चक्रवाती तूफान 'दाना' से बहुत ज्यादा प्रभावित होने से बच गया जिससे यहां के लोगों ने राहत की सांस ली।
अधिकारियों ने बताया कि जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन ज्वार की लहरें कुछ गांवों और कृषि क्षेत्रों में घुस गईं।
केंद्रपाड़ा के जिलाधिकारी स्मृति रंजन प्रधान ने कहा, "अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। संपत्ति का नुकसान कम से कम हुआ है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।"
एक अधिकारी ने बताया कि भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान चक्रवात के विनाशकारी प्रभाव से काफी हद तक बच गया है। हालांकि उद्यान से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
केंद्रपाड़ा जिले के राजनगर ब्लॉक के विकास अधिकारी निशांत मिश्रा ने कहा, "पर्याप्त एहतियाती उपायों और समय पर लोगों की निकासी के साथ हम बिना किसी मानवीय क्षति के प्रकृति के प्रकोप का सफलतापूर्वक सामना कर पाए हैं। कुछ कच्चे घरों के ढहने को छोड़कर नुकसान बहुत कम हुआ है। तटीय राजनगर ब्लॉक के कई स्थानों पर पेड़ों के उखड़ जाने से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।"
उन्होंने कहा कि ओडीआरएएफ टीम ने उखड़े हुए पेड़ों को हटाकर ज्यादातर जगहों पर सड़क यातायात बहाल कर दिया है।
केंद्रपाड़ा और पड़ोसी भद्रक दोनों के 'दाना' से प्रभावित होने की आशंका थी। सरकारी एजेंसियों ने लोगों को संवेदनशील इलाकों से निकालने के लिए पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था।
एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवाती तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले गांव तालचुआ, रंगानी, केरुआपाला, बाघमारी, डांगामल, ईश्वरपुर, गुप्ती और सतभाया हैं।
केंद्रपाड़ा जिले के समुद्र तटीय रामनगर गांव के निवासी रमाकांत साहू ने कहा, "भगवान की कृपा से हम प्रकृति के प्रकोप से बच गए हैं। हवा की गति कम थी। हालांकि हमने भारी बारिश का सामना किया।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY