देश की खबरें | राजस्थान में भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े : अशोक गहलोत

जयपुर, 20 जनवरी राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर में कथित तौर पर दुष्कर्म का शिकार एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना को लेकर सोमवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं।

गहलोत ने 'एक्स' पर लिखा, ''भरतपुर में एक दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और वो पीड़िता को परेशान करते थे जिससे तंग आकर पीड़िता आत्महत्या करने पर मजबूर हो गई।''

उन्होंने कहा,''मुख्यमंत्री के गृह जिले में ऐसी घटना होना बेहद शर्मनाक स्थिति है।''

कांग्रेस नेता के अनुसार, ''इस सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है।''

उन्होंने कहा कि ऐसे तमाम वीडियो सामने आए हैं जिनमें मुख्यमंत्री जी की जनसुनवाई तक में फरियादियों ने आकर पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं करने की शिकायतें दी हैं परन्तु ऐसा लग रहा है कि पुलिस परवाह नहीं कर रही है। इसके कारण पीड़ित ऐसे खौफनाक कदम तक उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भरतपुर जिले में कथित तौर पर दुष्कर्म की शिकार एक युवती ने रविवार को आत्महत्या कर ली थी। पीड़िता के परिजनों ने सोमवार को आरोपी के घर पर पथराव भी किया था।

गहलोत ने एक अन्य पोस्ट में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन का मुद्दा उठाया।

गहलोत ने कहा कि डल्लेवाल के अनशन के 50 से भी अधिक दिन बीतने के बाद केंद्र सरकार द्वारा वार्ता का प्रस्ताव दिया गया है। यह बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। अभी भी सरकार ने 14 फरवरी को वार्ता का समय दिया है। वार्ता तो अविलंब शुरू करनी चाहिए थी क्योंकि तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)