देश की खबरें | भाकपा सांसद ने खेल मंत्री को पत्र लिखा, पहलवानों से बात करने का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाक़पा) के सांसद विनय विश्वम ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से आग्रह किया है कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में दखल दें तथा धरना दे रहे पहलवानों से बात करें।

विश्वम ने ठाकुर को लिखे पत्र में यह भी कहा कि यह प्रकरण केंद्र सरकार की ‘बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।

भाकपा नेता ने कहा, ‘‘बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करने में प्रशासन की उदासीनता के चलते अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पहलवानों को चार महीनों के भीतर दो बार जंतर-मंतर पर धरना देना पड़ा है।’’

उन्होंने आग्रह किया कि खेल मंत्री धरना दे रहे पहलवानों से बातचीत करें और कुश्ती महासंघ के प्रमुख को उनके पद से तत्काल हटाया जाए।

उधर, दिल्ली पुलिस ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सात महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों पर वह शुक्रवार को ही प्राथमिकी दर्ज करेगी।

सिंह पर यौन उत्पीड़न और डराने-धमकाने का आरोप लगाने वाले पहलवानों ने 23 अप्रैल से एक बार फिर अपना आंदोलन शुरू किया है। इससे पहले उन्होंने जनवरी महीने में भी धरना दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)