इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 जनवरी देश में कोविड-19 के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान की सराहना करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से महामारी पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है।
बिरला ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘दुनिया के कई मुल्कों में कोविड-19 के कारण काफी लोगों की जान गई है। लेकिन भारत ने केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और नागरिक समाज के सामूहिक प्रयासों की बदौलत इस महामारी पर काफी हद तक नियंत्रण प्राप्त कर लिया है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महामारी रोधी टीकों की 160 करोड़ से ज्यादा खुराक दिया जाना बहुत बड़ी उपलब्धि है जिसकी दुनिया के अलग-अलग मुल्कों ने तारीफ की है।
लोकसभा अध्यक्ष ने देश के नागरिकों से अपील की कि वे कोविड-19 से बचाव की तमाम हिदायतें मानें ताकि इस महामारी को पूरी तरह परास्त किया जा सके।
निजी यात्रा पर इंदौर आए बिरला ने शहर के पितरेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन किए और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के घर जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट भी की।
बिरला ने कहा कि उनके पूर्ववर्ती लोकसभा अध्यक्षों ने अपनी कार्यशैली से सदन की गरिमा बढ़ाई है।
लोकसभा अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि संसद की मर्यादा बनाए रखने और इसकी गरिमा में वृद्धि के लिए सबको मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है ताकि लोकतंत्र सशक्त हो सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY