देश की खबरें | अगरतला हवाई अड्डे पर कार्गो परिचालन के बंद रहने से त्रिपुरा से कूरियर सेवा हो रही है प्रभावित

अगरतला, 22 फरवरी पिछले साल दिसंबर से यहां हवाई अड्डे पर कार्गो परिचालन (मालढुलाई) बंद रहने के कारण डाक विभाग और कूरियर सेवा प्रदाताओं को त्रिपुरा के बाहर चीजें पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यहां महाराजा बीर विक्रम किशोर माणिक्य हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन में कार्गो सुविधा के अभाव के चलते विभिन्न गंतव्यों तक अत्यावश्यक पत्रों और दस्तावेजों को पहुंचाने में परेशानी हो रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि हाल में अगरतला डाक संभाग के अधीक्षक प्रदीप मजूमदार ने अत्यावश्यक सामग्रियों की विमान ढुलाई की अनुमति के लिए भारतीय विमानपत्तनम प्राधिकरण को पत्र लिखा था लेकिन ‘अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने नये टर्मिनल भवन में कार्गो सुविधा शुरू करने के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) को सभी जरूरी कागजात सौंपे हैं। हालांकि डाक सामग्री समेत कार्गो सामानों के लिए कोई दिक्कत नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि बीसीएएस की एक टीम दो बार हवाई अड्डे का दौरा कर चुकी है लेकिन ‘‘अब तक मंजूरी नहीं मिली है।’’

डाक विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘चूंकि हमारे पास कोई अन्य विकल्प नहीं है, इसलिए हम गुवाहाटी के रास्ते रेल डाक सेवा के माध्यम से डाक सामग्री भेज रहे हैं। यही कारण है कि डाक सामग्री की ढुलाई में इतना वक्त लग रहा है।’’

कूरियर सेवा प्रदाता डीटीडीसी को भी त्रिपुरा से सामान पहुंचाने में देरी नजर आ रही है।

यहां डीटीडीसी के कार्यकारी अधिकारी करणजीत सरकार ने कहा, ‘‘यदि कोई प्रीमियम सेवा भी बुक कराता है तो पत्र को अगरतला से कोलकाता तक पहुंचाने में पांच दिन लग जायेंगे क्योंकि विमान ढुलाई पिछले साल दिसंबर से बंद है। हमारे पास एकमात्र रास्ता सड़क मार्ग से पत्रों और दस्तावेजों को राज्य से बाहर पहुंचाना रह गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)