नयी दिल्ली, 24 नवंबर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन लाइफ’ को लोकप्रिय बनाने और लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते देशव्यापी अभियान शुरू करेगा।
मिशन लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (लाइफ) एक जन-समर्थक और ग्रह-समर्थक प्रयास है जो दुनिया को प्राकृतिक संसाधनों के बिना सोचे-समझे किए जाने वाले उपयोग से विवेकपूर्ण उपयोग में स्थानांतरित करने पर केंद्रित है। इसे मोदी ने 20 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस की उपस्थिति में शुरू किया था।
यादव ने कहा कि मिस्र में संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन सीओपी27 के समझौते में भारत की पहल पर "दीर्घकालिक जीवनशैली" शामिल है।
यादव ने टाइम्स नाउ सम्मेलन में कहा, "सीओपी27 में भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण हानि और क्षति कोष पर आम सहमति बनी।"
इस बार के जलवायु शिखर सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन से संबंधित आपदाओं के कारण होने वाली हानि और क्षति को लेकर एक कोष गरीब तथा कमजोर देशों की प्रमुख मांग थी।
यादव ने कहा कि नीति आयोग ने पानी और बिजली की बर्बादी को कम करने से लेकर लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए एक कार्ययोजना विकसित की है।
उन्होंने कहा, "मंत्रालय अगले साल इसे आगे बढ़ाने के लिए एक अभियान शुरू करेगा।"
यादव ने यह भी कहा कि आपदा जोखिम में कमी के लिए पूर्व चेतावनी मौलिक अधिकार होना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि ऐतिहसिक रूप से उत्सर्जन के सबसे बड़े हिस्से के लिए जिम्मेदार विकसित देश धरती के तापमान में वृद्धि के लिए जिम्मेदार हैं और उन्हें इसके लिए विकासशील देशों को मुआवजा देना चाहिए।
यादव ने कहा कि वैश्विक तापमान में वृद्धि को रोकने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने की आवश्यकता है और समृद्ध देशों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण एवं इस उद्देश्य के लिए वित्तीय मदद प्रदान करनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY