ब्यंदूर(कर्नाटक), 20 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को आरोप लगाया कि लोगों और समाज का विभाजन, भ्रष्टाचार, अक्षमता, कुशासन व ‘‘फूट डालो और राज करो’’ कांग्रेस की बुनियादी विशेषताएं हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि कर्नाटक के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से भाजपा को चुनने का फैसला किया है।
उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का प्राथमिक चरित्र विभाजन, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, काम न करना और लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आ रहे हैं और मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह भाजपा है, जिसके तहत कर्नाटक ने प्रगति की है। यह विकास के पथ पर आगे भी प्रगति करता रहेगा। मैं गारंटी के साथ यह कह सकता हूं।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 175 मामले वापस ले लिए थे और 1,600 लोगों को रिहा कर दिया था जो पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और कर्नाटक फोरम फॉर डिग्निटी (केएफडी) के कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि ये सभी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल थे और कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में ले लिया था।
उन्होंने सिद्धरमैया पर राज्य में शांति भंग करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘यह समाज में विभाजन पैदा करने के इरादे से किया गया था और इसके पीछे वोट बैंक व सुविधा की राजनीति थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सिद्धरमैया इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं।’’
लोकायुक्त को कमजोर बनाकर खत्म करने के सिद्धरमैया सरकार के कदम के पीछे के तर्क पर सवाल उठाते हुए नड्डा ने कहा कि ऐसा इसलिए था क्योंकि वे भ्रष्टाचार में गहराई से लिप्त थे और वे ‘‘कमीशन और भ्रष्टाचार का हिस्सा’’ थे।
उन्होंने लोगों से कर्नाटक को आगे ले जाने के लिए ‘‘डबल इंजन’’ सरकार का समर्थन करने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘लोगों का विभाजन, समाज का विभाजन, भ्रष्टाचार, अक्षमता, कुशासन, फूट डालो और राज करो, ये सभी कांग्रेस की बुनियादी विशेषताएं हैं। मैं इसे जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं और इसे साबित करने के लिए भी तैयार हूं।’’
कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे आदि भी मौजूद थे।
नड्डा ने कहा कि अमृत काल के दौरान देश को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे नेता के साथ काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जब आप 2047 देखेंगे तो भारत शीर्ष पर होगा और आप उसका हिस्सा होंगे।’’
कोविड-19 टीकाकरण के सफल अभियान और युद्ध प्रभावित यूक्रेन से हजारों भारतीय छात्रों को सफलतापूर्वक वापस लाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की सरकार को देते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत ऊर्जा खपत में तीसरे स्थान पर है, नवीकरणीय ऊर्जा खपत में चौथे स्थान पर है और गांवों को बिना किसी कटौती के 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की गई है।
भाजपा सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों और उपलब्धियों को गिनाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बी एस येदियुरप्पा और बाद में बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाले प्रशासन ने हर क्षेत्र के लिए विभिन्न योजनाओं के साथ राज्य के विकास के लिए काम किया है और इनमें किसान, महिलाएं, दलित, आदिवासी और युवा शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY