जरुरी जानकारी | कॉरपोरेट, उत्पाद शुल्क संग्रह का आंकड़ा बजट अनुमान के अनुरूप होगा : वित्तीय सेवा सचिव

मुंबई, 14 सितंबर वित्तीय सेवा सचिव अजय सेठ ने बृहस्पतिवार को कहा कि कॉरपोरेट और उत्पाद शुल्क संग्रह से कुल राजस्व चालू वित्त वर्ष (2023-24) के बजट अनुमान के अनुरूप रहने की उम्मीद है।

व्यक्तिगत आयकर के बाद प्रत्यक्ष कर के दूसरे सबसे बड़े हिस्से कॉरपोरेट कर के साथ-साथ उत्पाद शुल्क संग्रह में चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के दौरान 10.4 प्रतिशत की गिरावट आई है।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कर संग्रह में 14 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी, जबकि पिछले साल समान अवधि में इसमें 26 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई थी।

सेठ ने वार्षिक कर संग्रह में गिरावट की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि जब कर संग्रह की बात आती है तो लंबी समयसीमा पर ध्यान देना चाहिए।

सेठ ने कहा, “हमें कुछ महीनों के आंकड़ों को देखकर उसमें दीर्घकालिक रुझान खोजने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए दीर्घकालिक रुझान या डेटा देखने के लिए आखिरी तिमाही का इंतजार करना चाहिए...”

उन्होंने कहा, “मेरी समझ यह है कि बजट अनुमान और राजस्व में जो भी आंकड़े हैं, उन्हें साकार किया जाएगा।”

सेठ भारत की जी20 अध्यक्षता के हिस्से के रूप में सिडबी द्वारा आयोजित तीन दिन के वैश्विक एसएमई वित्तपोषण सम्मेलन के अंतिम दिन संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)