चंडीगढ़, सात सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए कोविड-19 महामारी के बारे में लोगों के बीच अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ राज्य के पुलिस प्रमुख को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता को ‘‘विदेश से काम करने वाले भारत विरोधी तत्वों’’ के बयानों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने को कहा है ।
एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि उन्होंने डीजीपी को ऐसे समूहों पर प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
कोविड-19 से जुड़ी समीक्षा बैठक में डीजीपी गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ पिछले 10 दिनों में आठ मामले दर्ज किए गए हैं। इन अफवाहों की वजह से लोग स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए आने से कतरा रहे हैं ।
यह भी पढ़े | कुशीनगर: टीचर की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा, हुई मौत.
गुप्ता ने कहा कि पटियाला, मानसा, एसएएस नगर, लुधियाना ग्रामीण, लुधियाना, जालंघर और मोगा में मामले दर्ज किए गए हैं ।
कई तरह की अफवाहें फैलायी जा रही हैं जैसे कि कोरोना वायरस के मरीजों का अंग निकाल लिया जाता है। इन अफवाहों के कारण स्वास्थ्य विभाग के सामने मुश्किलें खड़ी हो गयी हैं क्योंकि कुछ गांवों में लोग नमूना एकत्र करने से चिकित्सा दलों को रोक रहे हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY