देश की खबरें | दीक्षांत समारोह : राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन के दौरान बिजली गुल

बारीपदा (ओडिशा), छह मई ओडिशा के बारीपदा स्थित महाराजा श्री रामचंद्र भंजदेव विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के दौरान बिजली गुल होने से कार्यक्रम स्थल पर अंधेरा छा गया।

उच्च सुरक्षा वाले कार्यक्रम में यह बाधा सुबह 11.56 बजे से दोपहर 12.05 बजे तक उत्पन्न हुई। मुर्मू के संबोधन के शुरु होने के कुछ मिनट बाद ही यह बाधा उत्पन्न हुई, लेकिन उन्होंने अपना संबोधन जारी रखा क्योंकि इस दौरान 'माइक सिस्टम' अप्रभावित रहा।

इस दौरान वातानुकूलित प्रणाली भी सामान्य रूप से काम करती रही।

मुर्मू को यह कहते हुए सुना गया कि बिजली ‘लुका-छिपी खेल रही है’। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक उन्हें सुनने के लिए धैर्यपूर्वक बैठे रहे। हालांकि, वहां कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

टाटा पावर की कंपनी नॉर्थ ओडिशा पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के सीईओ भास्कर सरकार ने कहा कि हॉल (कार्यक्रम स्थल) में कोई आपूर्ति व्यवधान नहीं था और गड़बड़ी शायद बिजली के तारों में कुछ खराबी के कारण हुई थी।

विश्वविद्यालय के कुलपति संतोष कुमार त्रिपाठी ने राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान बिजली के गुल होने को लेकर खेद जताया और माफी मांगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)