देश की खबरें | जून में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना ‘स्पष्ट रूप से अवैध’ था : पुरोहित

चंडीगढ़, 24 जुलाई पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को सोमवार को एक और पत्र लिखकर पिछले महीने आहूत दो-दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र को ‘‘स्पष्ट रूप से अवैध’’ करार दिया।

पुरोहित की ओर से मान को यह पत्र एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार लिखा गया है।

पुरोहित ने यह पत्र तब लिखा, जब दो दिन पहले मान ने कहा था कि यह ‘‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि राज्यपाल यह नहीं जानते कि 19-20 जून को बुलाया गया सत्र वैध था या अवैध।

राज्यपाल ने अपने पत्र में यह भी कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार की शिकायतें भी मिल रही है और उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि राज्यपाल, राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त संवैधानिक प्राधिकारी होता है।

मान के शनिवार को दिए बयान के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि प्रमुख संवैधानिक विशेषज्ञों में से एक से राय ली गयी है। इस राय का सार आपकी जानकारी के लिए संलग्न है, जो साफ तौर पर कहता है कि इस प्रकार से बुलाया गया सत्र साफ तौर पर अवैध था। अब, आपकी टिप्पणियों पर जवाब देने के लिए कुछ बचा नहीं है।’’

मुख्यमंत्री मान को 17 जुलाई को लिखे एक पत्र में पुरोहित ने कहा था कि विधानसभा का सत्र बुलाना संभवतः कानून और कार्य प्रणाली का उल्लंघन है। साथ ही, उन्होंने संकेत दिया था कि वह सदन की बैठक के दौरान पारित विधेयकों पर शीघ्र हस्ताक्षर नहीं कर सकते हैं।

पुरोहित ने विधेयकों की वैधता पर भी सवाल उठाया था और कहा था कि वह इन पर अटॉर्नी जनरल की सलाह लेने, या उन्हें राष्ट्रपति के पास भेजने पर विचार कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)