देश की खबरें | गोरहे की टिप्पणी पर विवाद: फडणवीस ने साहित्यिक समारोहों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया

मुंबई, 24 फरवरी अविभाजित शिवसेना में पद के लिए मर्सिडीज कार देने के विधान पार्षद नीलम गोरहे के बयान से उत्पन्न विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को साहित्यिक समारोहों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया ।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) ने महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति और अविभाजित शिवसेना की पूर्व सदस्य गोरहे की दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के मंच से की गई टिप्पणियों को लेकर कड़ी आलोचना की।

गोरहे 2022 में विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गई थीं।

उन्होंने शनिवार को दावा किया कि अविभाजित शिवसेना में पद भ्रष्ट तरीकों से हासिल किए गए थे, जिसमें मर्सिडीज कार भी उपहार में देना शामिल रहा।

अखिल भारतीय साहित्य सम्मेलन में कुछ वक्ताओं से जुड़ी कुछ टिप्पणियों पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में फडणवीस ने साहित्यकारों को ऐसे आयोजनों में राजनीतिक टिप्पणी करने के प्रति आगाह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘लेखकों और साहित्यकारों को ऐसे मंचों पर बोलते समय कुछ संयम बरतना चाहिए। कुछ लोगों ने लगातार कहा है कि राजनीतिक नेताओं को मंच पर उपस्थित नहीं होना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं उनसे राजनीतिक टिप्पणी से बचने की अपेक्षा करता हूं।’’ उन्होंने साहित्यिक समारोहों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

ठाकरे ने रविवार को गोरहे की आलोचना करते हुए कहा था कि वह दिखाएं कि मर्सिडीज कार कहां हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)