तिरूवनंतपुरम, एक जून अमेरिका में इस महीने आयोजित होने वाले केरल के प्रवासियों के सम्मेलन ‘लोक केरल सभा’ को लेकर एक विवाद पैदा हो गया है।
ये आरोप लगाये जा रहे हैं कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नजदीक बैठने या खड़े होने के लिए प्रवासियों से रुपये लिये जा रहे हैं।
विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा है कि राज्य के लिए यह शर्मिंदगी वाली बात है कि 9, 10 और 11 जून को न्यूयॉर्क में होने वाले सम्मेलन के दौरान केरल के मुख्यमंत्री के नजदीक बैठने या खड़े होने देने के लिए 25,000 से लेकर एक लाख डॉलर तक लिये जा रहे हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ एलडीएफ और ‘नॉन रेजीडेंट केरलाइट्स अफेयर्स’ (नोरका) ने रुपये लिये जाने के आरोपों से इनकार किया है।
केरल के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि किसी तरीके से धन जुटाये जाने की बात से वह अवगत नहीं हैं क्योंकि नोरका सारा इंतजाम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जानकारी में रहते कोई गलत गतिविधि नहीं की जाएगी।
नोरका के उपाध्यक्ष पी श्रीरामकृष्णन ने भी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि केरल सरकार और नोरका यात्रा इंतजाम कर रहा है और कार्यक्रम का आयोजन अमेरिका में रह रहे लोगों ने किया है।
उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कोई पंजीकरण शुल्क लिया जा रहा या मुख्यमंत्री के नाम पर धन जुटाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि तीन दिन के सम्मेलन के लिए प्रायोजन के रूप में रकम एकत्र की गई होगी।
श्रीरामकृष्णन ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने और बातचीत करने का अवसर इस आधार पर नहीं उपलब्ध कराया जाएगा कि किसने कितने पैसे दिये हैं।
वहीं, दूसरी ओर राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा, ‘‘लोक केरल सभा के सिलसिले में अमेरिका में जो कुछ हो रहा है वह राज्य के लिए शर्मिंदगी वाला है। यह गलत है। यह केरल के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है और यह राज्य के लोगों को स्वीकार्य नहीं होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक कम्युनिस्ट मुख्यमंत्री विश्व के समक्ष अमीर और गरीब के बीच अंतर को प्रदर्शित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के नजदीक बैठने के लिए 82 लाख रुपये जमा किये जा रहे हैं? इस तरह जो लोग रुपये नहीं दे पाएंगे वे बाहर रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य और मुख्यमंत्री के नाम पर पैसा जमा करने की अनुमति किसने दी? इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री को इस कारण से कार्यक्रम से दूर रहना चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY