देश की खबरें | दिल्ली में दो नए फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी गई

नयी दिल्ली, 10 मई राष्ट्रीय राजधानी के व्यस्त इलाकों में भीड़भाड़ कम करने के उद्देश्य से अरविंद केजरीवाल नीत दिल्ली सरकार ने मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली में दो नए फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी। अधिकारियों ने कहा कि ये परियोजनाएं डेढ़ साल में पूरी हो जाएंगी और इसमें 724.36 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता वाली व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की एक बैठक में इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।

बैठक के बाद सिसोदिया ने ट्वीट किया, “दिल्ली सरकार ने आज दो फ्लाईओवर परियोजनाओं को मंजूरी दी। आनंद विहार से अप्सरा बॉर्डर के बीच नया फ्लाईओवर, राजा गार्डन और पंजाबी बाग फ्लाईओवर के बीच नया (एलिवेटेड) गलियारा। शहर में सड़कों पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए ये परियोजनाएं आवश्यक हैं और इन्हें डेढ़ साल में पूरा कर लिया जाएगा।”

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन करेगा। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आनंद विहार से अप्सरा बॉर्डर के बीच नया फ्लाईओवर बनने से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उत्तर प्रदेश की सीमा में जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसी तरह, दूसरे फ्लाईओवर के निर्माण से पश्चिमी दिल्ली में रिंग रोड के आसपास के इलाकों में जाने वाले वाहन चालकों को आवाजाही में आसानी होगी।

बाद में जारी एक बयान में सरकार ने कहा कि आनंद विहार से अप्सरा बॉर्डर के बीच बनने वाले नये फ्लाईओवर के निर्माण में 372.04 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसी तरह, 352.32 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पंजाबी बाग और राजा गार्डन फ्लाईओवर के बीच एलिवेटेड गलियारे का निर्माण किया जाएगा।

बयान के मुताबिक, परियोजना के विवरण की समीक्षा के बाद सिसोदिया ने कहा कि फ्लाईओवर और एलिवेटेड गलियारे के निर्माण से लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)