नयी दिल्ली, 23 नवंबर ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के तहत संसद के केंद्रीय कक्ष में 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ पर एक कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जोशी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2021 को एक समारोह आयोजित किया जायेगा। राष्ट्रपति कोविंद समारोह को संबोधित करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि इस समारोह को उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति नायडू, प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति अपने संबोधन के बाद संविधान की प्रस्तावना को पढ़ेंगे।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सभी केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्य सरकारों, स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों, विभिन्न निकायों एवं नागरिकों से आग्रह किया जाता है कि वे कोविड-19 प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए 26 नवंबर को राष्ट्रपति के साथ संविधान की प्रस्तावना को पढ़ें।
जोशी ने बताया कि इस समारोह को जनभागीदारी बनाने के लिये संसदीय कार्य मंत्रालय ने दो पोर्टल तैयार किये हैं जिसमें से पहला ऑनलाइन माध्यम से संविधान की प्रस्तावना को पढ़ने से संबंधित हैं और दूसरा ‘संसदीय लोकतंत्र पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता’ से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि इसमें हिस्सा लेने वालों को प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा।
जोशी ने बताया कि संविधान की प्रस्तावना को ऑनलाइन माध्यम से 22 राजओं और अंग्रेजी में पढ़ने की व्यवस्था की गई है। इस पोर्टल पर कोई भी पंजीकरण करा सकता है और इन ओं में से किसी में भी संविधान की प्रस्तावना को पढ़ सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY