देश की खबरें | कांग्रेस ने कर्नाटक में कई निविदाएं घोषित किए जाने पर निर्वाचन आयोग से कार्रवाई का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह कर्नाटक में ऐसी निविदाओं की जांच करे और उचित कदम उठाए जो विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किए जाने के समय जारी की गईं।

पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न मांगें रखीं। इस प्रतिनिधिमंल में वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, सांसद सैयद नासिर हुसैन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में समन्वयक प्रणव झा और कुछ अन्य नेता शामिल थे।

सलमान खुर्शीद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव की तारीख घोषित किए जाने के समय निविदाओं की घोषणा की गई। हमने इस मामले की जांच का आग्रह किया।’’

कांग्रेस ने यह भी कहा, ‘‘विज्ञापन सामग्री के संदर्भ में कांग्रेस को अनुमति नहीं दी गई। कांग्रेस को कई विज्ञापनों को प्रचारित-प्रसारित करने से रोका जा रहा है। हमारा आग्रह है कि इसकी अनुमति दी जाए।’’

कांग्रेस ने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में कई ऐसे लोग हैं जो छह वर्ष से अधिक समय से काम कर रहे हैं और अभी भी बने हुए हैं जो तीन साल की तय मियाद संबंधी आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन है।

पार्टी ने ऐसे अधिकारियों की सूची भी सौंपी है।

कांग्रेस ने चौथा मुद्दा पंजाब से संबंधित उठाया है जहां की जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

पार्टी का आरोप है कि आम आदमी पार्टी सरकार ने वहां ऐसे अधिकारियों के तबादले किए हैं जिन्हें वह कथित तौर पर अपने पक्ष का मानती है।

कांग्रेस ने दावा किया है कि पंजाब में ‘आम आदमी क्लीनिक’ पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीरें हैं जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)