देश की खबरें | कांग्रेस ने राजस्थान पुलिस को रोके जाने पर सवाल उठाया

जयपुर, 17 जुलाई कांग्रेस ने उसके बागी विधायकों से मिलने पहुंची राजस्थान पुलिस की टीम को हरियाणा पुलिस द्वारा रोके जाने पर सवाल उठाया है। राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) की टीम इन विधायकों के आवाज के नमूने लेने गुड़गांव पहुंची है।

कांग्रेस महासचिव व राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने शुक्रवार शाम ट्वीट किया, ‘‘हरियाणा पुलिस राजस्थान एसओजी टीम को होटल में जाकर कांग्रेस विधायकों से मिलने क्यों नहीं दे रही है।’’

यह भी पढ़े | UN संबोधन में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हमारा मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास.

उन्होंने आगे लिखा है, ‘‘अगर भाजपा दावा करती है कि वह कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई में शामिल नहीं तो हरियाणा की भाजपा सरकार होटल में विधायकों की सुरक्षा व समर्थन में क्यों लगी है।’’

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस पर टिप्पणी करते हुए लिखा, ‘‘राजस्थान कांग्रेस सरकार गिराने के भाजपाई षड्यंत्र व मिलीभगत की पोल खुल ही गई। हरियाणा पुलिस विधायकों की ख़रीद फ़रोख़्त की जाँच रोकने के लिए घेराबंदी कर खड़ी हो गई।’’

यह भी पढ़े | संयुक्त राष्ट्र मूल रूप से द्वितीय विश्व युद्ध के उपद्रवों के बाद पैदा हुआ: पीएम मोदी : 17 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस विधायकों को भाजपाई समर्थन का क्या राज है? सत्य न परेशान होगा, न पराजित।’’

उल्लेखनीय है कि अशोक गहलोत से बगावत करने वाले सचिन पायलट खेमे के कुछ विधायक गुड़गांव के एक होटल में रुके हैं। राजस्थान पुलिस ने राज्य के कुछ असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों की आवाज के नमूने लेने के लिए एसओजी के एक दल को भाजपा शासित हरियाणा में भेजा था। लेकिन हरियाणा पुलिस ने इस दल को होटल में प्रवेश से रोक दिया।

राजस्थान पुलिस ने दो ऑडियो क्लिप के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें कथित तौर पर कुछ लोगों को राज्य की कांग्रेस नीत सरकार को गिराने की साजिश पर बात करते हुए सुना जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)