देश की खबरें | कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव : राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में किया मतदान

बेंगलुरु/बल्लारी, 17 अक्टूबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव में उम्मीदवारों में से एक मल्लिकार्जुन खरगे ने शीर्ष पद के चुनाव में कर्नाटक में अपना वोट डाला।

पार्टी अध्यक्ष पद के लिये सोमवार को मतदान जारी है।

कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य खरगे का मुकाबला पार्टी के शीर्ष पद के लिये तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर से है।

राहुल गांधी ने बल्लारी जिले के संगनाकल्लू में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शिविर में एक कंटेनर में बनाए गए मतदान केंद्र में अपना मत डाला जबकि खरगे ने बेंगलुरु स्थित कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में मतदान किया।

कांग्रेस ने राहुल गांधी की बेंगलुरु ग्रामीण सांसद डी. के. सुरेश के साथ कतार में खड़े होने और फिर वोट डालने की तस्वीरें साझा की हैं।

लगभग 40 अन्य ‘भारत यात्री’ जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्वाचक (डेलीगेट) हैं, वे भी सोमवार को संगनाकल्लू में शिविर स्थल पर अपना वोट डालेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज ‘विश्राम दिवस’ ​​घोषित किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में केपीसीसी कार्यालय में अपना वोट डाला।

चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)