देश की खबरें | कांग्रेस का मौन धरना, भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, पांच अक्टूबर राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना के विरोध में ‘मौन धरना’ दिया।

वहीं विपक्षी भाजपा ने राजस्थान में कथित तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ विरोध मार्च निकाला।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: चिराग पासवान का नीतीश कुमार पर हमला, कहा- मुझे और बिहार की जनता को सीएम के सात निश्चय पार्ट 2 पर भरोसा नहीं.

कांग्रेस ने हाथरस में पीड़ित परिवार के साथ हुए अन्याय के खिलाफ और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे कथित असंवैधानिक कृत्यों के विरोध में जिला मुख्यालयों पर दो घंटे का “मौन सत्याग्रह” किया गया जिसमें प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता अलग-अलग जगह शामिल हुए।

कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सीकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मौन सत्याग्रह में शामिल हुए। डोटासरा ने ट्वीट के जरिये सत्याग्रह की फोटो साझा करते हुए कहा सोमवार को हाथरस की घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मौन सत्याग्रह में शामिल हुआ।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: एलजेपी और JDU में मचे घमासान पर कुमार विश्वास ने ट्वीट कसा तंज, पूछा ये सवाल.

राजधानी जयपुर में शहीद स्मारक पर दो घंटे के मौन सत्याग्रह धरने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने हाथरस की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से की है।

जोशी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग की तरह काम कर रहे हैं। पीड़िता के परिवार को दबाया जा रहा है और देश के इतिहास में ऐसी चीजें कभी नहीं हुई हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पुलिस से कोई उम्मीद नहीं है। जिस तरह से वे काम कर रहे हैं उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।’’

उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने भी हाथरस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

वहीं दूसरी ओर विपक्षी भाजपा ने राज्य में कथित तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन मार्च निकाला और जयपुर के सिविल लाइंस रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रदर्शन किया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा, ‘‘राज्य सरकार 20 महीने से सो रही है और इसलिए हमें सरकार को जगाने के लिए 'हल्ला बोल' विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। राज्य में अपराध दर बढ़ रहे है और कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। राजस्थान अपराध की राजधानी बन गया है।’’

भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि गृह मंत्रालय संभालने वाले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपराध को नियंत्रण में रखने में विफल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)