जालना, 19 जून कांग्रेस ने महाराष्ट्र की जालना लोकसभा सीट पर अपना दावा पेश किया है जिस पर उसकी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की भी नजर है।
निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे कर रहे हैं, जिन्होंने इस सीट पर लगातार पांच बार जीत हासिल की है।
महा विकास अघाड़ी के घटकों- शिवसेना (यूबीटी), राकांपा और कांग्रेस को अभी 2024 के चुनावों के लिए सीट-बंटवारे के फॉर्मूले को अंतिम रूप देना है।
लोकसभा में महाराष्ट्र 48 सदस्य भेजता है।
जालना जिला कांग्रेस के एक नेता ने कहा, "हमने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक और महासचिव नामदेव पवार की उपस्थिति में रविवार को हुई पार्टी की बैठक में मांग रखी। बैठक पार्टी कार्यकर्ताओं के विचार जानने के लिए बुलाई गई थी।"
वर्ष 2019 के चुनाव में दानवे ने कांग्रेस प्रत्याशी विलास औताडे को तीन लाख से ज्यादा मतों से हराया था।
कांग्रेस नेता ने कहा, "इस सीट पर परंपरागत रूप से कांग्रेस चुनाव लड़ती रही है। हम चाहते हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार इस जिले से होना चाहिए।"
कांग्रेस की सहयोगी राकांपा और शिवसेना (यूबीटी) जालना निर्वाचन क्षेत्र को लेकर अपने-अपने कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रही हैं।
हाल में, राकांपा प्रमुख शरद पवार ने जाफराबाद में दानवे के गृह क्षेत्र का दौरा किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी मुकाबले के लिए कमर कसने को कहा।
जालना जिला राकांपा अध्यक्ष ने कहा कि अगले चुनाव के लिए उम्मीदवार जालना से होना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह मांग हाल ही में पुणे में हुई पार्टी की बैठक में उठाई गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY