देश की खबरें | कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर आवारा कुत्तों से संबंधित मुद्दे पर बात की

नयी दिल्ली, 28 मार्च कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और आवारा कुत्तों के कारण बढ़ती स्वास्थ्य और सुरक्षा चिंताओं का मुद्दा उठाया।

मुलाकात के दौरान, कार्ति ने स्थानीय निकायों के साथ मिलकर काम करके एक समग्र, मानवीय व वैज्ञानिक समाधान निकालने के लिए एक राष्ट्रीय कार्यबल बनाने का सुझाव दिया।

शिवगंगा से कांग्रेस सांसद और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज प्रधानमंत्री से उनके संसद भवन कार्यालय में मुलाकात की और आवारा कुत्तों के कारण बढ़ती स्वास्थ्य और सुरक्षा चिंताओं के प्रति उनका ध्यान आकर्षित किया। भारत में दुनिया भर में सबसे ज्यादा आवारा कुत्ते हैं, जहां 6.2 करोड़ से ज्यादा आवारा कुत्ते हैं।”

उन्होंने कहा कि भारत में ‘रेबीज’ आम है और दुनियाभर में रेबीज से जितनी मौतें होती हैं, उनमें से 36 प्रतिशत भारत में होती हैं।

कार्ति चिदंबरम ने कहा कि पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) नियम, 2023 लागू होने के बावजूद, कार्यान्वयन अप्रभावी रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, "मैंने मौजूदा प्रणाली की अपर्याप्तता के बारे में चिंता जताई। स्थानीय निकायों के पास इस मुद्दे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधन, धन और प्रौद्योगिकी की कमी है। यह स्पष्ट है कि तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।"

उन्होंने कहा, "मैंने स्थानीय निकायों के साथ मिलकर काम करते हुए एक समग्र, मानवीय और वैज्ञानिक समाधान प्रदान करने के लिए एक राष्ट्रीय कार्य बल के गठन का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त, इस चुनौती से निपटने के लिए समर्पित आश्रय गृह और एक दीर्घकालिक योजना भी होनी चाहिए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)