देश की खबरें | कांग्रेस विधायक ने सरकार से पाक द्वारा मछुआरों को 'अगवा' करने पर रोक लगाने का अनुरोध किया

गांधीनगर, चार मार्च गुजरात में कांग्रेस विधायक पुंज वंश ने बृहस्पतिवार को विजय रूपाणी नीत सरकार से पाकिस्तान समुद्र सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) द्वारा राज्य के तटीय क्षेत्र से भारतीय मछुआरों को ''अगवा'' किए जाने पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।

हालांकि, राज्य सरकार ने विधानसभा में चर्चा के दौरान दावा किया कि हाल ही में लागू किए गए एक नए कानून के बाद इस तरह के मामलों में कमी आई है।

वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस सदस्य ने आरोप लगाया कि उक्त कानून पूरी तरह प्रभावी नहीं जान पड़ता है।

पिछले साल सितंबर में विधानसभा ने गुजरात मछुआरा अधिनियम 2003 के कुछ प्रावधानों में संशोधन के लिए विधेयक पारित किया था।

संशोधित अधिनियम के मुताबिक, मछुआरों को ''नो फिशिंग जोन'' में प्रवेश की अनुमति नहीं है जोकि अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा से करीब 10 नॉटिकल मील की दूरी पर है।

वंश ने विधानसभा में कहा कि नए अधिनियम के बावजूद हाल ही में पीएमएसए ने तीन नौकाओं पर सवार गुजरात के 17 मछुआरों को अगवा कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)