देश की खबरें | कांग्रेस नेता सूरज भानु सिंह सोलंकी का निधन

भोपाल/धार, 21 मार्च कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद सूरज भानु सिंह सोलंकी का रविवार को भोपाल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे। यह जानकारी उनके पारिवारिक सूत्रों से मिली।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि सोलंकी रविवार सुबह जब टहल रहे थे, उसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

वह मध्य प्रदेश में धार लोकसभा सीट से वर्ष 1989 एवं 1991 में दो बार कांग्रेस के टिकट पर जीतकर सांसद रहे। वह संसद की समितियों के सदस्य भी रहे और मध्य प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, दिवंगत शिव भानु सिंह सोलंकी के पुत्र थे।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी उन्हें राजनीति में लाए थे और राजनीति में आने से पहले वह पायलट थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘धार के पूर्व सांसद सूरज भानु सिंह सोलंकी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!’’

कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व सांसद सूरज भानु सिंह सोलंकी के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)