कन्नूर (केरल), आठ अप्रैल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के वी थॉमस शुक्रवार को जब माकपा के जारी सम्मेलन के तहत एक संगोष्ठी में शामिल होने यहां पहुंचे तो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाम दल के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया गया।
माकपा के जिला सचिव एम वी जयराजन ने हवाई अड्डे पर लाल शॉल भेंट कर थॉमस की अगवानी की।
थॉमस के स्वागत का काफी राजनीतिक महत्व है, क्योंकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्टी आलाकमान के आदेश की अवहेलना करते हुए नौ अप्रैल को ‘केंद्र-राज्य संबंधों’ पर होने वाली संगोष्ठी में भाग लेने पहुंचे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा था कि वह सत्तारूढ़ माकपा के कन्नूर में चल रहे सम्मेलन में आयोजित एक संगोष्ठी में भाग लेंगे। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया था कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे और अंतिम समय तक कांग्रेसी बने रहेंगे।
थॉमस को एक अन्य संगोष्ठी ‘धर्मनिरपेक्षता के सामने आने वाली चुनौतियों’ के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह इसमें भाग नहीं ले सके, क्योंकि कांग्रेस ने उन्हें इसके लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि वह केंद्र-राज्य संबंधों पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लेंगे, क्योंकि यह एक ‘राष्ट्रीय मुद्दा’ है।
नेता विपक्ष वी डी सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि अगर थॉमस संगोष्ठी में हिस्सा लेते हैं तो केरल प्रदेश कांग्रेस समिति उनके खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई पर उचित फैसला करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY